दिसंबर के अंतिम सप्ताह में होगा दिशा-ध्याणी कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश
देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए सीडीओ को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश। विभागीय स्टॉलों के जरिए आमजन को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
देहरादून, 27 नवंबर। जनपद में आगामी दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में दिशा-ध्याणी कार्यक्रम का भव्य आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन और विभिन्न व्यवस्थाओं के बीच समन्वय के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य और प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और अपनी जिम्मेदारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करें।
विभागीय स्टॉलों पर मिलेंगी योजनाओं की जानकारी
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं, उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से स्टॉलों को सुव्यवस्थित, आकर्षक और जनोपयोगी बनाने को कहा, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। डीएम ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने और आयोजन को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसवंत सिंह चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला खेल अधिकारी शुभांगी गुरूंग, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी चक्रपाणी मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


