2 साल के कार्यकाल पूरा होने पर क्या बोले सीएम धामी ?
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार ने समान नागरिक संहिता को लागू किया जिससे मातृशक्ति को कई कुरीतियों और उत्पीड़नों से मुक्ति मिलेगी। देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। आज सभी परीक्षाएं पारदर्शिता से हो रही हैं। सरकार ने सरकारी जमीन से गैरकानूनी कब्जे को खत्म कर हजारों एकड़ से अधिक सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड देवभूमि है, हम सभी यहां भाईचारे से रहते हैं। पर जो भी यहां अशांति पैदा करने का काम करेगा। उसके खिलाफ कानून कड़ी कार्रवाई करेगा। प्रदेश में दंगारोधी कानून पर भी सहमति बनी है, अब दंगाइयों पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही दंगे में होने वाली सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की भरपाई भी दंगाइयों से ही की जाएगी। राज्य सरकार ने जबरन धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून बनाया है। साथ ही सरकारी नौकरी में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, रोपवे, रेल, हवाई सेवा, इन्फ्रास्टक्चर, सतत् विकास जैसे कई क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जनता को वोट बैंक मानकर भाई-भतीजावाद ,तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का काम किया है। अपने कार्यकाल के दौरान बादशाही मानसिकता वाले नेताओं ने बस गरीबों का अपमान किया है। विपक्ष ने वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने का किया है। विपक्षी दलों ने अन्य दलों के साथ मिलकर गठबंधन बनाने का प्रयास किया, लेकिन यह गठबंधन भी ठगबंधन बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कांग्रेस रूपी भ्रष्टाचार एवं ‘तुष्टिकरण’ भारत के कई राज्यों से लगभग गायब हो गया है। उन्होंने कहा कांग्रेस के पास उत्तराखंड के विकास के लिए न कोई विजन है और न कोई रोडमैप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने भारत माता की सेवा में अपना जीवन लगा दिया है। प्रधानमंत्री मोदी जी करोड़ों देशवासियों के दिलों में बसते हैं। हमारी सरकार की संस्कृति सभी को साथ लेकर चलने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न कार्यक्रमों के तहत मातृशक्ति ने बढ़ चढ़कर अपना आशीर्वाद दिया है। महिलाओं ने भाजपा सरकार की वापसी को अपनी प्राथमिकता बना लिया है। नई पीढ़ी भारत के अगले 25 वर्षों और अपने 25 वर्षों को एक साथ जोड़कर देख रही है। विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में नौजवान का अहम योगदान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का अटूट विश्वास है कि 21वीं सदी का विकसित उत्तराखंड सिर्फ भाजपा ही बना सकती है। उन्होंने राज्य की पांचो लोकसभा के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत, विकसित उत्तराखंड के लिए, भाजपा को बढ़-चढ़कर वोट दें ।