देहरादून में एसआईआर की समीक्षा: सीडीओ अभिनव शाह बोले- पारदर्शिता और शुद्धता के साथ पूरा करें मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान की समीक्षा के लिए शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार में बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) ने भाग लिया। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति, अनोमली (Anomalies), नो-मैपिंग (No Mapping) नोटिस, दावों एवं आपत्तियों की समीक्षा की गई।
अनोमली या नो-मैपिंग से घबराने की जरूरत नहीं: सीडीओ
सीडीओ अभिनव शाह ने कहा कि जिन मतदाताओं के विवरण में अनोमली सामने आई है या जिनका मैपिंग नहीं हो पाया है, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित अभिलेखों के परीक्षण के बाद पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे मतदाताओं की सभी शंकाओं और भ्रांतियों का समय पर समाधान करें।
दावों और आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण करें
बैठक में सीडीओ ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को निर्देश दिए कि एसआईआर के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए। प्रत्येक पात्र मतदाता को अपना पक्ष रखने का अवसर मिले और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने बीएलओ (BLO) को भी निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और दावा-आपत्ति संबंधी नियमों की सही जानकारी दें तथा लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
पारदर्शिता और शुद्धता पर दिया जोर
अभिनव शाह ने कहा कि मतदाता सूची का त्रुटिरहित और शुद्ध होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
राजनीतिक दलों को समझाई गई पूरी प्रक्रिया
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर के तहत प्राप्त होने वाले विभिन्न प्रपत्रों, दावा-आपत्ति प्रक्रिया तथा अनोमली और नो-मैपिंग मामलों के निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी गई। सीडीओ ने सभी दलों से अपील की कि वे निर्वाचन विभाग का सहयोग करें और मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें सीपीआई(एम) से अनंत आकाश, भाजपा से अरविन्द जैन एवं महेश गुप्ता, कांग्रेस से रितेश जोशी, आम आदमी पार्टी से कमल राना तथा बसपा से सतेन्द्र सिंह और सतेन्द्र चोपड़ा शामिल रहे।

