देहरादून में 14 लाख की लूट में बजरंग दल से जुड़े सिद्धांत बडोनी का नाम आया सामने, तीन आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून में जमीन के सौदे के लिए 14 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक शेखावत समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में सिद्धांत बडोनी का नाम भी सामने आया है, जिसके बजरंग दल से जुड़े होने की बात कही जा रही है।
पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए डेढ़ लाख रुपये बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों को नकदी की जानकारी पीड़ित के परिचित के जरिए मिली थी। पुलिस अब वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, हरिपुर कलां निवासी राजेश कुमार सोनी सात नवंबर को प्लॉट का सौदा करने के सिलसिले में देहरादून आए थे। उन्होंने अपने परिचित दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लिए थे। इसके बाद वह दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा और बाइक पर सवार चार-पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और वाहन की पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
राजेश की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश की गई।
इसके बाद पुलिस ने सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को अल्का डेयरी से मेहूंवाला जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।
परिचित से मिली थी नकदी की जानकारी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें जानकारी मिली थी कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। इसके बाद आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास राजेश और उनके साथियों के साथ मारपीट कर 14 लाख रुपये लूटे गए थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए हैं। शेष रकम और वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


