जनदर्शन बना जनविश्वास का मंच: डीएम सविन बंसल ने 191 शिकायतों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 23 फरवरी 2026। मा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनदर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन के लिए भरोसे का मंच बनता जा रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनदर्शन में कुल 191 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आर्थिक सहायता, शिक्षा, रोजगार और नगर निगम से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

आर्थिक संकट में छात्राओं को राहत
धर्मपुर निवासी विधवा पिंकी सैनी ने आर्थिक अभाव के चलते अपनी बेटी नंदिता की पढ़ाई बाधित होने की जानकारी दी। इस पर डीएम ने ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के तहत सहायता दिलाने के निर्देश दिए, ताकि छात्रा की शिक्षा निर्बाध जारी रह सके।
चन्द्रबनी निवासी बविता सिंह के तीन बच्चों का शुल्क जमा न होने के कारण विद्यालय द्वारा टीसी रोके जाने के मामले में जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल हस्तक्षेप कर टीसी जारी कराने और राजकीय विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
विन्दाल निवासी अलीशा खत्री के पुत्र को आठ माह की फीस बकाया होने पर परीक्षा से वंचित किए जाने के प्रकरण में भी डीएम ने शुल्क विवरणी मंगवाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बुजुर्ग विधवा की पुकार पर त्वरित कदम
नालापानी चौक निवासी 75 वर्षीय विधवा सुनीता शर्मा ने पारिवारिक प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जल कर माफी और पेयजल बहाली के आदेश
प्रतीपनगर निवासी अनीता देवी ने आर्थिक तंगी के चलते जल कर माफी का अनुरोध किया। डीएम ने प्रकरण को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के अंतर्गत अग्रसारित करने के निर्देश दिए।
विकासनगर निवासी रूपा गुप्ता के जल संयोजन काटे जाने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को तत्काल कनेक्शन बहाल कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
सड़क और आधारभूत सुविधाओं पर सख्ती
क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। बताया गया कि सड़क निर्माण लंबित होने से लगभग 15 गांव प्रभावित हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज काण्डोई भरम में पेयजल समस्या के समाधान हेतु मुख्य विकास अधिकारी को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
भूमि और अतिक्रमण मामलों में जांच के आदेश
इन्द्रलोक कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय हरीश सिंह की अतिक्रमण शिकायत तथा प्रेमनगर निवासी 92 वर्षीय चंचल सिंह के दाखिल-खारिज प्रकरण में तहसीलदार को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
टिहरी बांध परियोजना के अंतर्गत पुनर्वास स्थल बंजरावाला में आवंटित कृषि भूखंडों की पैमाइश के लिए भी त्वरित कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर यह साबित करता है कि प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता से जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

