देहरादून- डीएम डॉ. आशीष चौहान ने नारी निकेतन, बाल सुधार गृह और किशोरी गृह का किया निरीक्षण
देहरादून, 25 जून 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को केदारपुरम स्थित नारी निकेतन, बाल सुधार गृह एवं किशोरी गृह का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बाल सुधार गृह में रह रहे किशोरों से संवाद कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, दिनचर्या और अन्य आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि संस्थान में बेसिक लर्निंग प्रोग्राम संचालित किया जाए, जिससे बच्चों की शैक्षिक एवं बौद्धिक क्षमता का विकास हो सके। साथ ही सभी बालकों का विस्तृत प्रोफाइल तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
डॉ. चौहान ने कहा कि प्रत्येक बालक की नियमित काउंसलिंग और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनके मानसिक और शारीरिक विकास में सहायता मिल सके। उन्होंने पुनर्वास और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
नारी निकेतन और किशोरी गृह के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थानों में रह रही किशोरियों और महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थानों में रहने वाले बच्चों और महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में नारी निकेतन में 160 संवासिनियां, बाल सुधार गृह में 7 किशोर तथा किशोरी संप्रेक्षण गृह में 12 किशोरियां रह रही हैं।
निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नमिता ममगाईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, समिति सदस्य पी.एन. जौहर, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

