देहरादून महायोजना-2041: सेक्टर-05 की जनसुनवाई में उमड़े नागरिक, एमडीडीए ने दर्ज किए सुझाव और आपत्तियां
राजधानी देहरादून के भविष्य के सुनियोजित विकास के लिए तैयार की जा रही देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर अंतिम रूप देने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसंवाद अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। अभियान के पांचवें दिन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सेक्टर-05 के लिए आयोजित जनसुनवाई शिविर में नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न हितधारकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराए।
जनसुनवाई के दौरान प्रतिभागियों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं, आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों सहित क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए उनका विधिवत अभिलेखीकरण किया।
शिविर में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि महायोजना-2041 केवल भूमि उपयोग का दस्तावेज नहीं, बल्कि अगले डेढ़ दशक में देहरादून के विकास, पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी सुविधाओं और शहरी विस्तार की व्यापक रूपरेखा तय करने वाला दस्तावेज है। इसी उद्देश्य से नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
स्थानीय जरूरतों को मिलेगी प्राथमिकता
एमडीडीए का कहना है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी अलग चुनौतियां और आवश्यकताएं हैं। स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक, संतुलित और भविष्य उन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जनसुनवाई में प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उन्हें महायोजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
21 जुलाई तक चलेगा जनसंवाद अभियान
प्राधिकरण द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक देहरादून के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर अपनी आपत्तियां और सुझाव सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। एमडीडीए का उद्देश्य ऐसी महायोजना तैयार करना है, जो विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी पूरा कर सके।
सोमवार को सेक्टर-06 की जनसुनवाई
जनसंवाद अभियान के अगले चरण में सोमवार को लकसूरिया फार्म, किशनपुर में सेक्टर-06 के नागरिकों के लिए जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। एमडीडीए ने स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों एवं अन्य हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने सुझाव देने की अपील की है।
जनसहभागिता से मजबूत होगी महायोजना
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 नागरिकों को विकास की निर्णय प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक समावेशी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनाएंगे। उनका लक्ष्य विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए देहरादून के लिए एक टिकाऊ एवं दूरदर्शी विकास मॉडल तैयार करना है।
हर सुझाव का होगा गंभीर परीक्षण
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार कर विशेषज्ञों के माध्यम से तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनसुनवाई अभियान में सक्रिय भागीदारी कर देहरादून के सुनियोजित और सतत विकास में अपना योगदान दें।

