देहरादून में जनता दर्शन कार्यक्रम: डीएम सविन बंसल ने सुनी 170 शिकायतें, कई मामलों में मौके पर दिए राहत के निर्देश
जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सविन बंसल ने की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दर्शन में कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, असहाय और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी न केवल जिलाधिकारी कार्यालय को बल्कि संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
छात्रा की फीस जमा कराने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान बंजारावाला निवासी कल्पना ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि उनकी पुत्री विदुषी, जो फाइलफोर्ट पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण स्कूल की फीस जमा नहीं कर पाई है। इसके चलते विद्यालय प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को स्कूल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर छात्रा को परीक्षा में शामिल कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत छात्रा की फीस जमा कराने की कार्रवाई करने को कहा।
दुर्घटना में घायल व्यक्ति को आर्थिक सहायता
जवाहर कॉलोनी, बल्लूपुर निवासी शमशाद ने बताया कि वर्ष 2023 में हुई एक दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और उनका उपचार चल रहा है। आय का कोई साधन न होने के कारण उन्होंने आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन स्वीकृत करने तथा प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल फंड से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण से प्रभावित किसान की शिकायत
तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में पीएमजीएसवाई कालसी द्वारा लाखामंडल से नाडा मोटर मार्ग का निर्माण किया गया था, जिससे उनकी कृषि भूमि और नहर को नुकसान पहुंचा। उन्होंने नहर निर्माण के लिए शेष 5.04 लाख रुपये की धनराशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही पीएमजीएसवाई अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेते हुए समाधान प्रस्तुत करने को कहा। अधिकारियों ने 12 मार्च तक समस्या का निस्तारण करने का लिखित आश्वासन दिया।
आर्थिक संकट झेल रहे परिवार को मदद
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। उनका पुत्र दिव्यांग है, जिसका इलाज कराना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा है, जबकि उनके पति भी बीमार रहते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल फंड से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को दिव्यांग बच्चे को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 4000 रुपये प्रतिमाह की सहायता देने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश
गढ़ीकैंट डाकरा निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि वे हृदय रोग से पीड़ित हैं और हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ है। उन्होंने शिकायत की कि उनका पुत्र नशे की लत के कारण घर में हुड़दंग करता है और उन्हें परेशान करता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गुंडा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार धर्मपुर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी बहू द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की। मामले में भरण-पोषण के लिए वाद दर्ज किया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
विधवा महिला के पानी के बिल का समाधान
राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा ने बताया कि उनके पति की वर्ष 2008 में मृत्यु हो गई थी और वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। उन्हें पेयजल का 34,395 रुपये का बिल मिला है, जिसका भुगतान करना उनके लिए संभव नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल का सटलमेंट करने के निर्देश दिए और सटलमेंट राशि का भुगतान जिला प्रशासन के रायफल फंड से कराने की बात कही।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

