देहरादून रिटायर्ड ब्रिगेडियर हत्या मामला, ओवरटेक नहीं, ये था कार सवारों का विवाद का कारण, पुलिस ने लिया एक्शन
देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत से जुड़े गोलीकांड में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को पहले ओवरटेक विवाद से जोड़ा जा रहा था, लेकिन अब सामने आया है कि पूरा मामला क्लब में हुए बिल विवाद से शुरू हुआ था।
क्लब विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के अनुसार, 29 मार्च की रात मसूरी रोड स्थित ‘जेन जी क्लब’ में कुछ युवकों और क्लब स्टाफ के बीच बिल को लेकर कहासुनी हो गई थी। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में तनाव बना रहा।
अगली सुबह 30 मार्च को जब क्लब संचालक अपनी गाड़ी से निकले, तो विवाद में शामिल युवक उनका पीछा करने लगे। मामला जोहड़ी गांव के पास और बिगड़ गया, जहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद फायरिंग शुरू हो गई।
मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर बने शिकार
इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को एक गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस का एक्शन, क्लब सील
घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मसूरी रोड स्थित ‘जेन जी क्लब’ को सील कर दिया है। साथ ही क्लब का लाइसेंस रद्द करने के लिए जिलाधिकारी को सिफारिश भेजी गई है।
आरोपी गिरफ्तार, कुछ फरार
पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक अभी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो कार को तेज रफ्तार में फॉर्च्यूनर का पीछा करते और फायरिंग की घटना को अंजाम देते देखा जा सकता है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

