देहरादून में अप्रैल के पहले पखवाड़े में डेंगू के 15 मामले, स्वास्थ्य सचिव ने दिए ये निर्देश
देहरादून, 15 अप्रैल: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अप्रैल महीने की शुरुआत से ही डेंगू वायरस ने दस्तक दे दी है। 1 से 13 अप्रैल 2025 के बीच शहर के दो प्रमुख निजी अस्पतालों – श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल और ग्राफिक एरा अस्पताल – में डेंगू के 15 मामलों की पुष्टि हुई है। इन मामलों के सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, मरीज तेज बुखार, जोड़ों और पीठ में दर्द, सिरदर्द, त्वचा पर चकत्ते, मसूड़ों से खून आना और उल्टी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। एलाइजा जांच में इन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई।
अप्रैल में ही डेंगू का अटैक, स्वास्थ्य विभाग की तैयारी शून्य
जबकि स्वास्थ्य विभाग को अभी डेंगू से निपटने की रणनीति बनानी थी, उससे पहले ही वायरस ने हमला बोल दिया। हैरानी की बात यह है कि विभाग को इन मामलों की जानकारी तक नहीं थी और अब तक किसी तरह की विशेष तैयारी भी शुरू नहीं की गई है।
डेंगू जांच के आंकड़े (1–13 अप्रैल 2025):
- श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल: 710 एलाइजा टेस्ट, 13 पॉजिटिव
- ग्राफिक एरा अस्पताल: 50 एलाइजा टेस्ट, 2 पॉजिटिव
पिछले 6 वर्षों में देहरादून में डेंगू की स्थिति:
वर्ष | कुल मामले | मौतें |
---|---|---|
2019 | 4,991 | 6 |
2020 | 0 | 0 |
2021 | 126 | 0 |
2022 | 1,434 | 0 |
2023 | 1,201 | 13 |
2024 | 37 | 0 |
डेंगू से बचाव के लिए जरूरी उपाय:
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें, खासतौर पर फ्रिज ट्रे, वाटर कूलर, पौधों के गमलों आदि में।
- साफ और ताजा भोजन का सेवन करें।
- ताजे फल खाएं और अधिक से अधिक तरल पदार्थ लें।
- पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का उपयोग करें।
सरकारी प्रतिक्रिया:
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया,
“राज्य में डेंगू की पूर्व स्थितियों का मूल्यांकन कर तैयारी शुरू कर दी गई है। चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में सर्वे कराया जाएगा।”