संदिग्ध हालात में बच्ची पर लगी आग, दो छात्रों की सूझ-बूझ से बची जान, CCTV वीडियो आया सामने
देहरादून।
शहर के डालनवाला क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक छोटी बच्ची की पीठ में आग लग गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद दो स्कूली छात्रों ने साहस, सूझ-बूझ और तत्परता दिखाते हुए बच्ची की जान बचा ली। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
यह घटना 21 दिसंबर की शाम डालनवाला क्षेत्र के मोहनी रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पास ही रहने वाले दो छात्र बैडमिंटन खेलने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान उन्होंने एक बच्ची को तेज़ी से चीखते-रोते देखा, जिसकी पीठ में आग लगी हुई थी। उस वक्त घटनास्थल पर बच्ची के अलावा कोई अन्य मौजूद नहीं था।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों छात्रों ने बिना घबराए तुरंत कार्रवाई की। कक्षा 10 के छात्र प्रणवत सिंह ने अपनी जैकेट की मदद से आग को ढककर बुझाया, जबकि कक्षा 6 के छात्र दिवजोत सिंह तुरंत पास से पानी लेकर आए। दोनों की समझदारी और त्वरित प्रयास से आग को फैलने से रोका गया और बच्ची की जान बच गई।

घटना की जानकारी दोनों छात्रों के पिता कर्नल कुलदीप सिंह ने ईटीवी भारत को दी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में बच्ची को देखकर लगा कि वह कोई लड़का है, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान उसके लड़की होने की पुष्टि हुई। फिलहाल बच्ची का इलाज कोरोनेशन अस्पताल में चल रहा है। बच्ची के परिजनों के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। उपचार के बाद बच्ची को पुलिस को सौंप दिया गया है।
यह घटना आपात परिस्थितियों में जागरूकता, साहस और बुनियादी जीवन-रक्षक ज्ञान के महत्व को दर्शाती है।
चलती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
हल्द्वानी।
काठगोदाम थाना क्षेत्र के गौलापार खेड़ा इलाके में चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। हालांकि चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। एक फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

