चारधाम यात्रा में 64.41 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, अब शीतकालीन यात्रा की तैयारी
देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस बीच प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने यात्रा में पहुंचे श्रद्धालुओं के आंकड़े जारी करते हुए इसे ऐतिहासिक और सफल बताया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के समापन के बाद अब प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा।
सतपाल महाराज के अनुसार, इस वर्ष चारधाम और हेमकुंड साहिब में अब तक कुल 64 लाख 41 हजार 8 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। वहीं, ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से कुल 74 लाख 81 हजार 762 यात्रियों ने पंजीकरण कराया है।
बदरीनाथ धाम में सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे
मंत्री की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक विभिन्न धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इस प्रकार है:
यमुनोत्री धाम: 8,84,289
गंगोत्री धाम: 10,06,463
केदारनाथ धाम: 19,13,815
बदरीनाथ धाम: 22,45,735
हेमकुंड साहिब: 3,90,696
इन आंकड़ों के मुताबिक बदरीनाथ धाम में सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि हेमकुंड साहिब में 3.90 लाख से अधिक लोगों ने दर्शन किए।
शीतकाल में इन स्थानों पर होंगे चारों धामों के दर्शन
सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के बाद अब शीतकालीन यात्रा संचालित होगी। इसके तहत मां यमुना की पूजा खरसाली, मां गंगा की पूजा मुखबा, भगवान केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ और भगवान बदरी विशाल की पूजा पांडुकेश्वर तथा जोशीमठ में होगी।
उन्होंने कहा कि ये स्थान शीतकालीन यात्रा के प्रमुख केंद्र हैं। इसके साथ ही सरकार कार्तिकेय स्वामी और महासू महाराज जैसे अन्य धार्मिक स्थलों को भी सालभर की तीर्थयात्रा के रूप में विकसित और प्रचारित करने का प्रयास करेगी, ताकि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन का दायरा बढ़ाया जा सके।
11 नवंबर को बंद होंगे यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट
गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद अब 11 नवंबर को यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। केदारनाथ धाम में कपाट बंद होने के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वह अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।


