चारधाम यात्रा 2026 में आस्था का सैलाब, 9 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या, केदारनाथ में सबसे ज्यादा भीड़
देहरादून, 8 मई। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक रिकॉर्ड 9 लाख 20 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही भक्तों की संख्या से यात्रा मार्गों और धामों में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
गुरुवार 8 मई को अकेले 52,328 श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इनमें सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे।
यमुनोत्री धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
यमुनोत्री धाम में 8 मई को कुल 9,377 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए। इनमें 4,818 पुरुष, 4,298 महिलाएं और 261 बच्चे शामिल रहे।
19 अप्रैल से अब तक यमुनोत्री धाम में कुल 1,45,225 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
गंगोत्री धाम में भी भक्तों का उत्साह बरकरार
गंगोत्री धाम में गुरुवार को 9,482 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए। इनमें 5,127 पुरुष, 4,191 महिलाएं और 164 बच्चे शामिल रहे।
19 अप्रैल से अब तक गंगोत्री धाम में कुल 1,42,999 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
इस तरह यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में अब तक कुल 2,88,224 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
केदारनाथ धाम में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
चारधाम यात्रा में इस बार केदारनाथ धाम श्रद्धालुओं की पहली पसंद बना हुआ है।
8 मई को 19,466 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 9,881 पुरुष, 9,463 महिलाएं और 120 बच्चे शामिल रहे।
22 अप्रैल से अब तक केदारनाथ धाम में कुल 4,01,748 श्रद्धालु बाबा केदार का आशीर्वाद ले चुके हैं।
बदरीनाथ धाम में भी बढ़ रही भक्तों की संख्या
भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
8 मई को बदरीनाथ धाम में 14,003 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें 7,921 पुरुष, 5,057 महिलाएं और 1,025 बच्चे शामिल रहे।
23 अप्रैल से अब तक बदरीनाथ धाम में कुल 2,30,048 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
चारों धामों को मिलाकर अब तक कुल 9,20,020 श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं।
शॉर्टकट के चक्कर में नदी किनारे फंसे दो युवक, पुलिस ने बचाई जान
केदारनाथ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शॉर्टकट लेने के प्रयास में दो युवक नदी किनारे दुर्गम क्षेत्र में फंस गए। सूचना मिलने पर भीमबली चौकी पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रामबाड़ा के ऊपर नदी क्षेत्र में दो युवक फंसे हुए हैं और बाहर निकलने में असमर्थ हैं। कठिन पहाड़ी रास्तों और तेज बहाव के बीच पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान राहुल गुप्ता (21 वर्ष) और कुणाल शर्मा (20 वर्ष) निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और किसी भी प्रकार के शॉर्टकट से बचें, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

