BHARAT JODO NYAY YATRA: राहुल गांधी के खिलाफ FIR: असम में सुरक्षा को लेकर घमासान, खड़गे का शाह को पत्र
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद हम राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे। 23 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उखाड़ दिया था।
इसके बाद असम के CM ने DGP को राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। 24 जनवरी को राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री ने मामला दर्ज होने के एक दिन बाद कहा- यात्रा का पूरा इरादा असम को परेशान करना और शांति को खतरे में डालना था। हम एक SIT बनाएंगे, जो मामले की जांच करेगी और लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद हम राहुल को गिरफ्तार करेंगे। हमने अभी कार्रवाई की तो वे इसे राजनीतिक कदम कहेंगे।
इन नेताओं के खिलाफ हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले की धाराएं लगाई गई हैं। असम पुलिस का आरोप है कि यात्रा के लिए जो रूट तय किए गए थे उससे हटकर उन्होंने दूसरा रूट लिया। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने साजिश के तहत भीड़ को उकसाया और उन्हें गुवाहाटी शहर की ओर ले गए।
असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृहमंत्री अमित शाह को दो पेज की चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 18 जनवरी को असम में एंट्री के बाद 22 जनवरी तक राहुल की सुरक्षा में चूक की 5 घटनाओं का जिक्र है।
खड़गे ने गृहमंत्री से कहा- असम के मुख्यमंत्री और वहां के DGP को आप निर्देश दें ताकि कोई अनहोनी की स्थिति न बने। खड़गे का कहना है कि यात्रा के विरोध में भाजपा समर्थक राहुल के काफिले के बिल्कुल नजदीक पहुंच रहे हैं। ऐसे में राहुल को भी मजबूरन अपनी सुरक्षा को दरकिनार कर बाहर आना पड़ता है।
23 जनवरी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी, राहुल समेत कई नेताओं पर FIR असम पुलिस ने 23 जनवरी को गुवाहाटी में राहुल, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की थी। सभी पर हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने का केस दर्ज किया गया।
24 जनवरी को असम पुलिस के DGP जीपी सिंह ने जानकारी दी कि इस केस को गहरी जांच के लिए असम CID को ट्रांसफर कर दिया गया है। असम CID के असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन करेंगे।
खड़गे की चिट्ठी में 5 घटनाओं का जिक्र
- असम में 18 जनवरी को पहले ही दिन पुलिस शिवसागर जिले के अमीगुरी में यात्रा को सुरक्षित रास्ता देने की बजाय भाजपा के पोस्टरों की सुरक्षा कर रही थी।
- 19 जनवरी को लखीमपुर में भाजपा से जुड़े कुछ उपद्रवी यात्रा के बैनर-पोस्टर फाड़ते और उन्हें उखाड़ते हुए पकड़े गए थे।
- सोनितपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के साथ धक्का-मुक्की की। जयराम रमेश की कार पर हमला हुआ। यहां के SP मुख्यमंत्री के भाई हैं।
- इसी दिन सोनितपुर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को रोकने की कोशिश की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने असम कांग्रेस प्रेसिडेंट भूपेन बोरा पर हमला किया।
- 22 जनवरी को नगांव जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का काफिला रोका और उनके बेहद करीब आकर उनके लिए असुरक्षित माहौल बना दिया।