ऋषिकेश पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मां गंगा की पूजा-अर्चना कर लक्ष्मी नारायण मंदिर में किए दर्शन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन मंगलवार को वे ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले गीता प्रेस से प्रकाशित होने वाली मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शिरकत की। इसके बाद उन्होंने मोक्षदायिनी मां गंगा के दर्शन और पूजन कर देश और समाज के कल्याण की कामना की।
गंगा पूजन के बाद अमित शाह ने कहा,
“शाश्वत, सनातन और अविरल मां गंगा हमारी संस्कृति, सभ्यता और जीवन का मूल आधार हैं। मां गंगा से सभी के कल्याण की कामना करता हूं।”
इसके पश्चात केंद्रीय गृह मंत्री ने गीता भवन स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी से देशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल की प्रार्थना की।
शताब्दी समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दरअसल, गीता प्रेस की प्रसिद्ध मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के प्रकाशन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 20 से 22 जनवरी तक गीता भवन, स्वर्गाश्रम में शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया है। इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उनके दौरे को देखते हुए मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून के बैराज पुल सहित आसपास के इलाकों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
हरिद्वार में नो एंट्री और ट्रैफिक व्यवस्था
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरिद्वार कार्यक्रम को देखते हुए 22 जनवरी को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। बाहरी राज्यों से आने वाले भारी वाहनों को हरिद्वार की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।
नो एंट्री जोन में शामिल क्षेत्र:
- पतंजलि योगपीठ फेज-2
- पतंजलि योगपीठ फेज-1
- गायत्री योगपीठ शांतिकुंज
- शताब्दी समारोह, बैरागी कैंप
- गुरुकुल कांगड़ी हैलीपैड
प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

