एम्स ऋषिकेश की प्रोफेसर डॉ. भानु दुग्गल बनीं HNBUMU की कुलपति, राज्यपाल ने जारी किए आदेश
देहरादून। हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय (HNBUMU) को नई कुलपति मिल गई हैं। एम्स ऋषिकेश की वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भानु दुग्गल को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। इस संबंध में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, डॉ. भानु दुग्गल को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी पांच वर्षों अथवा 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक (जो भी पहले हो) के लिए HNBUMU का कुलपति नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति विश्वविद्यालय अधिनियम-2014 (संशोधन अधिनियम-2020) की धारा 10 के अंतर्गत गठित अन्वेषण समिति द्वारा प्रस्तुत पैनल के आधार पर की गई है।

वर्तमान में डॉ. भानु दुग्गल ऋषिकेश स्थित एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। वे 29 सितंबर 2017 से इस पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। इससे पहले जून 2014 से जनवरी 2017 तक वह ग्रांट मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष रह चुकी हैं।
डॉ. भानु दुग्गल का जन्म 13 नवंबर 1968 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1989 में एमबीबीएस, 1993 में जनरल मेडिसिन में एमडी, 1996 में डीएम कार्डियोलॉजी तथा 2000 में कार्डियोलॉजी में पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप पूरी की। बतौर प्रोफेसर उन्हें 10 वर्ष से अधिक का शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव है।
हालांकि डॉ. भानु दुग्गल के पास कुलपति के रूप में पूर्व अनुभव नहीं है, लेकिन अकादमिक और शोध क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके नाम 9 पुस्तक अध्याय और 100 से अधिक शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में 4 छात्रों ने पीएचडी, 130 से अधिक छात्रों ने डीएम कार्डियोलॉजी और 100 से अधिक छात्रों ने एमडी मेडिसिन की डिग्री प्राप्त की है।
बेहतर शैक्षणिक कार्य और नेतृत्व के लिए डॉ. भानु दुग्गल को अब तक 8 प्रतिष्ठित पुरस्कार भी मिल चुके हैं। उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय में चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

