एडवांस्ड फूड प्रोसेसिंग पर कार्यशाला शुरू, छात्रों को मिली आधुनिक तकनीकों की जानकारी
देहरादून: Graphic Era Deemed University में ‘एडवांस्ड फूड प्रोसेसिंग’ विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को उन्नत फूड प्रोसेसिंग तकनीकों, सटीक पोषण और खाद्य नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए CSIR-CFTRI की पूर्व निदेशक Dr. Sridevi Annapurna Singh ने कहा कि प्रोटीन केवल एक पोषक तत्व नहीं, बल्कि शरीर के समुचित विकास और कार्यप्रणाली के लिए अत्यंत आवश्यक माइक्रोन्यूट्रिएंट है। उन्होंने बताया कि प्रोटीन की मात्रा के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है।
विश्वविद्यालय के कुलपति Dr. Narinder Singh ने कहा कि आधुनिक फूड प्रोसेसिंग तकनीकों के माध्यम से न केवल खाद्य पदार्थों को सुरक्षित बनाया जा सकता है, बल्कि उनके पोषक तत्वों की मात्रा में भी वृद्धि की जा सकती है।
वहीं कनाडा स्थित Proveta Nutrition के निदेशक Rajneesh Tyagi ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों के समन्वय से खाद्य एवं पेय उद्योग में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं, जो भविष्य में सुरक्षित और टिकाऊ खाद्य प्रणाली के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी।
इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय के फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा किया गया। इस दौरान विभाग प्रभारी Dr. Sanjay Kumar, Dr. Ankita Dobhal, Dr. Ravneet Kaur, Dr. Arun Kumar सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह कार्यशाला खाद्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

