ग्राफिक एरा बनी देश की पहली ‘जेनएआई-पावर्ड कैंपस’ यूनिवर्सिटी, एडब्ल्यूएस के साथ बड़ी उपलब्धि
देहरादून, 25 मार्च। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए अमेज़न वेब सर्विसेज़ (एडब्लूएस) के सहयोग से देश की पहली ‘जेनएआई-पावर्ड कैंपस’ यूनिवर्सिटी बनने का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय को भविष्य की उन्नत तकनीकों के अनुरूप शिक्षा प्रदान करने वाले अग्रणी संस्थानों की श्रेणी में खड़ा करती है।
एडब्लूएस, जो क्लाउड कंप्यूटिंग के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी संस्था है, अपने ‘एडब्लूएस स्किल बिल्डर प्रोग्राम’ के माध्यम से छात्रों को संरचित लर्निंग पाथ, हैंड्स-ऑन लैब्स और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। ग्राफिक एरा में इस पहल के तहत 5000 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है, जहां वे क्लाउड कंप्यूटिंग, मशीन लर्निंग और जनरेटिव एआई जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। इससे विश्वविद्यालय ‘फ्यूचर-रेडी’ शिक्षा का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरा है।
इस सहयोग के चलते ग्राफिक एरा को एक ‘लिविंग लैब’ के रूप में विकसित किया गया है, जहां छात्र जनरेटिव एआई की मदद से वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोज रहे हैं और नवाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।
इसी क्रम में ग्राफिक एरा के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में ‘एआई एवरीव्हायर फॉर एवरीवन’ विषय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र में एडब्लूएस (भारत एवं दक्षिण एशिया) के डेटा और एआई हेड बिस्वजीत दास ने छात्रों को एआई के विभिन्न व्यावहारिक उपयोगों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। उन्होंने नोवा 2, पर्पलेक्सिटी एआई और डिजीयात्रा जैसे आधुनिक टूल्स के माध्यम से स्मार्ट एप्लिकेशन विकसित करने, डेटा का प्रभावी विश्लेषण करने और रोज़मर्रा की समस्याओं के लिए इनोवेटिव समाधान तैयार करने के तरीके समझाए।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन प्रो. डॉ. कमल घनशाला ने बिस्वजीत दास को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इंडस्ट्री-अकैडमिया लीड और कंप्यूटर साइंस फैकल्टी तेजस्वी घनशाला ने कहा कि एआई अब केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है, जो विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बदलाव ला रहा है।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अमित आर. भट्ट, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, प्रो वीसी डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, डीन ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डी. आर. गंगोडकर, एडब्लूएस कॉर्डिनेटर डॉ. आकांक्षा गुप्ता सहित एडब्लूएस टीम के सुमित गुप्ता, प्रशांत प्रियम, अन्य पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल छात्रों को अत्याधुनिक तकनीकी ज्ञान प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

