हल्द्वानी में कल रक्षा मंत्री Rajnath Singh का दौरा, जनसभा को करेंगे संबोधित; सीएम Pushkar Singh Dhami ने तैयारियों का लिया जायजा
देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हल्द्वानी में आयोजित होने जा रहे भव्य कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने हल्द्वानी पहुंचकर एमबी इंटर कॉलेज मैदान में कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री Rajnath Singh मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से कहा कि सुरक्षा के सभी इंतजाम चाक-चौबंद रखे जाएं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में कई जनहितकारी और ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ आम जनता तक पहुंचा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्यक्रम प्रदेशवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड इस दिशा में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है और अन्य राज्य भी इस पहल को अपनाने की ओर अग्रसर हैं। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।

