देहरादून: ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में यूकेजी के नन्हें विद्यार्थियों का ग्रेजुएशन डे समारोह धूमधाम से संपन्न
देहरादून, 16 मार्च। ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में यूकेजी के नन्हें छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित ग्रेजुएशन डे समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बच्चों ने अपने शैक्षणिक जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव को पार करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एलकेजी के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के प्रिंसिपल राजकुमार त्रेहन ने यूकेजी के पासआउट विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन प्रमाण पत्र प्रदान किए।
ग्रेजुएशन कैप पहने नन्हें-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने मंच पर आकर बड़े आत्मविश्वास और मासूमियत के साथ अपने विचार व्यक्त किए। बच्चों ने अपने शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद भाषण दिए, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अमित आर. भट्ट ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं है, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और अच्छे संस्कारों की मजबूत नींव भी रखती है। उन्होंने बच्चों को आगे के जीवन में निरंतर सीखते रहने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. रीमा पंत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनका मार्गदर्शन और प्रोत्साहन बच्चों को सही दिशा देने में सहायक होता है।
कार्यक्रम के दौरान एलकेजी के विद्यार्थियों ने वेस्टर्न डांस की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसने समारोह में चार चांद लगा दिए। नन्हें बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
यह समारोह ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के के.पी. नौटियाल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

