मुजारबानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में पीसीबी, PSL अनुबंध तोड़कर KKR से जुड़े खिलाड़ी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज Blessing Muzarabani के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है। आरोप है कि उन्होंने Pakistan Super League (PSL) में Islamabad United के साथ किया गया अनुबंध तोड़कर Indian Premier League (IPL) की टीम Kolkata Knight Riders के साथ करार कर लिया है।
पीसीबी के एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार बोर्ड के कानूनी विभाग को मुजारबानी के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि मुजारबानी को इस्लामाबाद यूनाइटेड ने टीम में शामिल किया था, लेकिन बाद में उन्होंने आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ नया अनुबंध कर लिया।
मुस्तफिजुर की जगह KKR में शामिल हुए मुजारबानी
जानकारी के मुताबिक Kolkata Knight Riders ने मुजारबानी को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज Mustafizur Rahman की जगह टीम में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी को Board of Control for Cricket in India (BCCI) के निर्देशों के बाद मुस्तफिजुर को टीम से हटाना पड़ा था।
खिलाड़ियों को देना चाहते हैं कड़ा संदेश
पीसीबी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पिछले साल से आईपीएल और पीएसएल का शेड्यूल लगभग एक ही समय पर होने लगा है, जिससे टकराव की स्थिति बन रही है। ऐसे में बोर्ड खिलाड़ियों को साफ संदेश देना चाहता है कि यदि वे पीएसएल के लिए अनुबंध करते हैं तो उसे बीच में छोड़कर किसी अन्य लीग से नहीं जुड़ सकते।
पहले भी लग चुका है प्रतिबंध
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी Corbin Bosch पर भी इसी तरह के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने Peshawar Zalmi के साथ अनुबंध किया था, लेकिन बाद में आईपीएल की टीम Mumbai Indians से जुड़ गए थे। इसके बाद पीसीबी ने उन पर एक सीजन का प्रतिबंध लगाया था। बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी।
PSL और IPL के शेड्यूल टकराने से बढ़ा विवाद
पीसीबी का मानना है कि दोनों बड़ी टी20 लीग के एक ही समय पर होने से इस तरह के विवाद बढ़ सकते हैं। पिछले साल भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान जब पीएसएल कुछ दिनों के लिए स्थगित हुआ था, तब कुछ विदेशी खिलाड़ी आईपीएल में शामिल हो गए थे।
अब मुजारबानी के मामले में पीसीबी की संभावित कानूनी कार्रवाई पर क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं।

