Dehradun में कल से शुरू होगा वसंतोत्सव, पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक प्लान
देहरादून, 24 फरवरी। लोकभवन में 27 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित होने जा रहे वसंतोत्सव को लेकर देहरादून पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक ने सोमवार को मौके पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस तरह रहेगा ट्रैफिक रूट प्लान
- राजपुर रोड की ओर से आने वाले वाहनों को दिलाराम चौक से दाहिने मोड़कर न्यू कैंट रोड होते हुए एनेक्सी तिराहा तक ड्रॉप किया जाएगा। इसके बाद वाहनों को 8वीं जीआर ग्राउंड पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
- रायपुर, ईसी रोड और सुभाष रोड से आने वाले वाहन दिलाराम चौक से बाईं ओर न्यू कैंट रोड होते हुए एनेक्सी तिराहा तक जाएंगे और वहां से 8वीं जीआर ग्राउंड में पार्क होंगे।
- 8वीं जीआर ग्राउंड भरने की स्थिति में वाहनों को आरटी ग्राउंड में पार्क किया जाएगा।
- दुपहिया वाहनों की पार्किंग आरटी ग्राउंड में निर्धारित की गई है।
कैंट रोड और चकराता रोड से आने वालों के लिए व्यवस्था
कैंट रोड और चकराता रोड से आने वाले वाहनों को बिंदाल और गढ़ी कैंट होते हुए वाटिका तिराहा से बाएं मोड़कर महिंद्रा ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। यहां से एनेक्सी तिराहा तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी। शटल सेवा में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकारी कर्मचारियों के लिए अलग पार्किंग
सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के निजी वाहनों की पार्किंग आरटी ग्राउंड में की जाएगी। सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ क्रेन के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी।
वैकल्पिक रूट प्लान
- ट्रैफिक दबाव की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को सर्वे ऑफ इंडिया गेट के अंदर से न्यू कैंट रोड होते हुए एनेक्सी तिराहा भेजा जाएगा।
- मसूरी और कुठालगेट से आने वाले वाहन जोहड़ी गांव और गुच्चुपानी तिराहा होते हुए सीएसडी तिराहा पहुंचेंगे, जहां से महिंद्रा ग्राउंड में पार्किंग की जाएगी।
पार्किंग स्थल और क्षमता
- आरटी यूनिट ग्राउंड (शौर्य स्थल के पास) – क्षमता 400 वाहन (लोकभवन से 100 मीटर दूरी)
- 8वीं गढ़वाल राइफल ग्राउंड – क्षमता 250 वाहन (लोकभवन से 900 मीटर दूरी)
- महिंद्रा ग्राउंड – क्षमता 600 वाहन (लोकभवन से 1.2 किमी दूरी)
वैकल्पिक पार्किंग:
- गोरखा इंटर कॉलेज (बीजापुर गेस्ट हाउस के पास) – 50 कार
- सीएसडी कैंटीन के पास – 50 कार
जाम की स्थिति में निर्धारित ड्रॉपिंग प्वाइंट पर वाहन न रोकते हुए सीधे पार्किंग स्थल तक भेजे जाएंगे। वहां से लोकभवन तक शटल सेवा संचालित की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करें। उल्लंघन करने पर वाहन को टो कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लोगों से लिंक मार्गों, दुपहिया वाहनों और सार्वजनिक परिवहन (रिक्शा, टैम्पू, सिटी बस) का अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है।
किसी भी सहायता के लिए डायल 112 या ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 7579278154 पर संपर्क किया जा सकता है।

