रुद्रपुर में सड़क हादसे के बाद बवाल: कांवड़िया घायल, गुस्साए साथियों ने बाइक जलाई, कई घंटे जाम
रुद्रपुर से बड़ी खबर सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से कांवड़िया घायल हो गया, जिसके बाद गुस्साए श्रद्धालुओं ने हंगामा करते हुए बाइक को आग के हवाले कर दिया और सड़क जाम कर दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हालात काबू में आए।
कैसे हुआ हादसा?
घटना शनिवार 14 फरवरी की है। जानकारी के अनुसार हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िया राहुल अपने साथियों के साथ किच्छा की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान तुलसी द्वार के सामने, राधा स्वामी सत्संग घर के गेट नंबर सात के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल के हाथ में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़े।
गुस्साए कांवड़ियों ने की आगजनी
हादसे की खबर मिलते ही आसपास चल रहे अन्य कांवड़िए मौके पर जमा हो गए। घायल साथी की हालत देखकर श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बाइक सवार को घेर लिया और उसकी बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी।
सड़क पर लगा लंबा जाम
घटना के बाद आक्रोशित श्रद्धालुओं ने सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज सुरेंद्र रिंगवाल ने श्रद्धालुओं को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद जाम खुलवाया गया। एहतियात के तौर पर राधा स्वामी सत्संग घर के गेट नंबर सात से किच्छा की ओर जाने वाले ट्रैफिक को वन-वे कर दिया गया, ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।
बताया जा रहा है कि जिस बाइक से हादसा हुआ, वह भी किसी कांवड़िए की ही थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
महाशिवरात्रि से पहले बढ़ी संवेदनशीलता
रविवार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों की ओर लौट रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने अपील की है कि सभी श्रद्धालु संयम बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करें।

