BCCI ने IND vs PAK मुकाबले पर तोड़ी चुप्पी, 15 फरवरी के मैच को लेकर दिया बड़ा बयान
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की मध्यस्थता के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाला टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला अब पूरी तरह कंफर्म हो गया है। इस पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है और ICC के प्रयासों की खुलकर सराहना की है।
पाकिस्तान सरकार ने 9 फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा कर अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मुकाबले की अनुमति दे दी थी। इसके बाद अब BCCI ने भी पूरे घटनाक्रम पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए बयान जारी किया है।
ICC के प्रयासों की BCCI ने की सराहना
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा,
“मैं BCCI की ओर से ICC को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिसने इस जटिल मुद्दे का एक बेहतर समाधान निकाला। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत कर, सभी पक्षों की बात सुनने के बाद यह फैसला लिया गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि ICC के प्रतिनिधियों द्वारा शुरू की गई बातचीत ICC चेयरमैन की निगरानी में हुई, जिसमें लाहौर जाकर पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से चर्चा की गई।
“यह एक दोस्ताना और सकारात्मक समाधान है, जिसमें क्रिकेट को सबसे ऊपर रखा गया है,” उन्होंने कहा।
राजीव शुक्ला ने यह भी विश्वास जताया कि अब टी20 वर्ल्ड कप सफलतापूर्वक आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में बांग्लादेश की भावनाओं को भी समझा गया है और उन्हें कुछ राहत दी गई है, जिससे सभी पक्ष संतुष्ट हैं।
“यह सभी के लिए विन-विन स्थिति है और मुझे खुशी है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला होगा,” उन्होंने कहा।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई, जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किया गया। इसके बाद बांग्लादेश सरकार ने भारत में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया।
इस फैसले के बाद ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया। पाकिस्तान ने इस कदम को “दोहरा मापदंड” बताते हुए विरोध जताया और बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा कर दी, जिससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया।
हालांकि ICC की पहल और सभी बोर्ड्स के बीच संवाद के बाद अब यह विवाद सुलझ चुका है और 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा।

