स्कूल के बाहर छात्रा के अपहरण की खबर निकली अफवाह, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
देहरादून, 10 फरवरी।
देहरादून के डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल के बाहर छात्रा के अपहरण की खबर पूरी तरह से अफवाह साबित हुई है। सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में वायरल हुई इस खबर से अभिभावकों और छात्रों में दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की जांच में अपहरण जैसी कोई घटना सामने नहीं आई।
सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया था कि 11वीं कक्षा की एक छात्रा को स्कूल की छुट्टी के बाद वैन के पास बुर्का पहने लोगों द्वारा अपहरण करने की कोशिश की गई। खबर के वायरल होते ही अभिभावकों में चिंता बढ़ गई और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने तत्काल एसडीएम और सीओ सिटी को जांच के निर्देश दिए। पुलिस, प्रशासन और जिला सूचना अधिकारी की संयुक्त टीम स्कूल पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
जांच में सीसीटीवी फुटेज में एक छात्रा को एक महिला से सामान्य बातचीत करते हुए देखा गया। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि महिला ने स्कूल की पढ़ाई और फीस से जुड़ी जानकारी ली थी। बच्चों द्वारा मजाक में कही गई किडनैप की बात को कुछ लोगों ने गलत तरीके से फैलाया, जिससे यह अफवाह बन गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस महिला पर अपहरण का आरोप लगाया गया, वह अपने पति और बच्चे के साथ गांधी शताब्दी अस्पताल में इलाज कराने आई थी। महिला ने बताया कि वह पिछले एक महीने से अस्पताल आ रही हैं। पुलिस ने अस्पताल के पर्चे और डॉक्टर से जानकारी की पुष्टि भी की है।
घटना के बाद स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर द्वारा बच्चों की काउंसिलिंग कराई गई और पूरे मामले की सही जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं थी और अपहरण की खबर पूरी तरह भ्रामक है।
पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा है कि बिना पुष्टि के किसी भी खबर को सोशल मीडिया पर साझा न करें, जिससे आम जनता में भय का माहौल न बने।

