14 फरवरी को भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक, चुनावी रणनीति और प्रत्याशी चयन पर होगा मंथन
देहरादून, 08 फरवरी।
भारतीय जनता पार्टी की नई संगठनात्मक संरचना के गठन के बाद भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक 14 फरवरी को आयोजित की जाएगी। यह बैठक पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रसाद नड्डा के नेतृत्व में होगी। इसमें पार्टी गतिविधियों, आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा कराए गए सर्वे के आधार पर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है और सभी नेताओं को अपनी-अपनी विधानसभा पर फोकस करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन का एकमात्र आधार जीत की संभावना होगी। विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाएं और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएं, ताकि चुनावी स्थिति को और मजबूत किया जा सके।
चुनावी वर्ष को ध्यान में रखते हुए बैठक में डबल इंजन सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए विधानसभा स्तर पर विकास रथ चलाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना है और पार्टी किस तरह अपनी बात रखेगी, इस पर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राज्य और केंद्र स्तर पर कराए गए कुल चार सर्वे में से एक सर्वे रिपोर्ट पार्टी के सामने है, जिसमें भाजपा पहले की तुलना में अधिक सीटें जीतने की स्थिति में दिखाई दे रही है। इसी आधार पर आगे की रणनीति को धार दी जाएगी।

