उत्तराखंड हादसा: देहरादून के क्वानू में HRTC बस खाई में गिरी, 3 की मौत, कई यात्री घायल
उत्तराखंड के देहरादून जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस कालसी क्षेत्र के हरिपुर–क्वानू मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को CCR देहरादून को सूचना मिली कि कालसी क्षेत्र के क्वानू मीनस रोड पर एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF की टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
पुलिस और SDRF ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोग भी जुटे रहे।
पास देते समय हुआ हादसा, जांच जारी
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण दूसरे वाहन को पास देते समय बस का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ड्राइवर ने सड़क से ज्यादा बाहर बस मोड़ दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर HP-66A-2588 बताया जा रहा है। बस चालक का नाम दिनेश शर्मा और परिचालक का नाम जगदीश चंद है। हादसे की सूचना सबसे पहले बस परिचालक ने पुलिस को दी।
प्रशासन अलर्ट, स्थिति पर नजर
हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार अपडेट दिया जा रहा है।

