उत्तराखंड में श्रमिक प्रशिक्षण पोर्टल का शुभारंभ, कौशल विकास को मिलेगा नया आयाम
उत्तराखंड में श्रमिकों के कौशल विकास को मजबूत और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विकसित श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली (Training Management System – TMS) का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारजनों के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को पूरी तरह ऑनलाइन, तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल श्रमिकों के कौशल उन्नयन के साथ-साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रोजगार से जोड़ा जाएगा प्रशिक्षण
सीएम धामी ने कहा कि राज्य के उद्यमियों से उनकी कौशल आवश्यकताओं को लेकर नियमित फीडबैक लिया जाए, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके। इससे न केवल श्रमिकों को बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि उद्योगों को भी प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
उन्होंने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे व्यवसायों में प्रशिक्षण पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
फॉरवर्ड लिंकेज और डीबीटी योजनाओं की सराहना
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के बाद फॉरवर्ड लिंकेज को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित डीबीटी योजनाओं की सराहना करते हुए उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड को अपनी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए।
पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
बैठक के दौरान श्रम विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दंकी ने बताया कि विभाग सभी योजनाओं को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
वहीं, श्रमायुक्त पीसी दुमका ने पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि TMS के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदाताओं, मूल्यांकनकर्ताओं, प्रशिक्षण केंद्रों और प्रशिक्षकों का चयन भारत सरकार में इम्पैनल्ड संस्थाओं एवं प्रमाणित व्यक्तियों से पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपस्थिति और मूल्यांकन भी डिजिटल माध्यम से किए जाएंगे।
श्रमिक प्रशिक्षण पोर्टल (TMS) की मुख्य विशेषताएं
- प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पूरी पारदर्शिता
- डुप्लीकेसी पर प्रभावी रोक
- प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार
- प्रशिक्षित श्रमिकों का केंद्रीकृत डाटाबेस
- प्रशिक्षण प्रदाताओं और अधिकारियों की जवाबदेही तय
यह पोर्टल राज्य के श्रमिकों के कौशल विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

