देहरादून: मच्छी बाजार में युवती की निर्मम हत्या, एसएसपी ने किया बड़ा खुलासा
राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार स्थित दूल्हा ड्रेस मार्केट में 23 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। चापड़ से युवती का गला काटे जाने की इस सनसनीखेज वारदात को देखकर मौके पर मौजूद लोग सहम गए। घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में अब देहरादून के एसएसपी ने बड़ा खुलासा किया है।
दो साल से थी जान-पहचान
पुलिस के अनुसार मृतका गुंजन और आरोपी आकाश कुमार की पिछले करीब दो साल से जान-पहचान थी। गुंजन मच्छी बाजार के दूल्हा कपड़ा मार्केट में स्थित एक दुकान पर काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान आकाश से हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी।
शादी के बाद गुंजन ने तोड़ लिया था रिश्ता
एसएसपी ने बताया कि कुछ समय पहले आकाश कुमार की शादी हो गई थी। आकाश की शादी की जानकारी मिलने के बाद गुंजन ने उससे मिलना-जुलना पूरी तरह बंद कर दिया था। इतना ही नहीं, उसने आकाश से फोन पर बातचीत भी बंद कर दी थी।
इसी बात से नाराज था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गुंजन द्वारा दूरी बनाए जाने से आकाश नाराज चल रहा था। इसी नाराजगी और एकतरफा जुनून के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े बाजार में पहुंचकर उसने चापड़ से गुंजन का गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
व्यापारियों में भारी रोष
घटना के बाद दूल्हा ड्रेस मार्केट और आसपास के इलाकों में भारी गुस्सा देखने को मिला। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बाजार बंद रखा और आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा देने की मांग की।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी आकाश कुमार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

