उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा: दिल्ली से आए दंपति की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दिल्ली से आए पर्यटक दंपति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भैसियाछाना ब्लॉक क्षेत्र के बाड़ेछीना–शेराघाट मोटर मार्ग पर कसाण बैंड के पास हुआ, जहां एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (नंबर DL 3CC Z 8690) में दिल्ली के महरौली निवासी एक ही परिवार के तीन लोग सवार थे—माता, पिता और उनका बेटा। तीनों उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे और शनिवार को कैंची धाम मंदिर में दर्शन करने के बाद धारचूला–मुनस्यारी की ओर जा रहे थे।
शाम के समय कसाण बैंड के पास वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे स्कॉर्पियो ऊपर की सड़क से फिसलकर नीचे की सड़क की ओर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना धौलछीना पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
थाना प्रभारी धौलछीना सुनील बिष्ट और उपनिरीक्षक गोकुल ने बताया कि दुर्घटना में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहे उनके बेटे सिद्धार्थ राय गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर अल्मोड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

