देहरादून में ओलंपिक एथलीट की मां से ठगी, सम्मोहन गैंग सक्रिय, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देहरादून में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ओलंपिक एथलीट सूरज पंवार की मां पूनम पंवार को सम्मोहन के जरिए ठग लिया गया। आरोपियों ने उनसे करीब 4 से 5 लाख रुपये के नकद और जेवरात ठग लिए। इस घटना के बाद शहर में सक्रिय सम्मोहन गैंग को लेकर लोगों में दहशत है।
ड्यूटी जाते समय हुई ठगी
पीड़िता पूनम पंवार उत्तराखंड वन विभाग में कार्यरत हैं और आशारोड़ी में तैनात हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 29 जनवरी की सुबह वह रोज़ की तरह शिमला बाइपास स्थित अपने घर से ड्यूटी के लिए निकली थीं। चंद्रबनी चौक से आगे बढ़ते ही रास्ते में एक व्यक्ति उनसे बातचीत करने लगा और कुछ दूरी तक साथ चलता रहा।
इसी दौरान एक दूसरा व्यक्ति भी वहां आ गया, जिसने खुद को तंत्र-मंत्र जानने वाला बताया और चौंकाने वाले तरीके से ज़मीन से कागज और मिट्टी उठाकर उस पर थूकते हुए आग लगा दी। आरोपी ने इसे अपना “मंत्र” बताया, जिसके बाद पीड़िता पूरी तरह उसके प्रभाव में आ गई।
जेवर और नकदी लेकर हुए फरार
आरोपियों ने पूनम पंवार को एक पेड़ के नीचे ले जाकर उनके पर्स से करीब 1100 रुपये नकद और पहने हुए जेवरात उतरवा लिए। इसके बाद उन्हें एक पत्ता देते हुए कहा गया कि उसे चौक पर फेंक कर लौट आएं। साथ ही धमकी दी गई कि बात न मानने पर उनके घर में आग लग सकती है।
जब पीड़िता को होश आया, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
CCTV के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
ओलंपिक एथलीट सूरज पंवार ने बताया कि उनकी मां के साथ कुल 4 से 5 लाख रुपये की ठगी हुई है। पूनम पंवार की शिकायत पर पटेल नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के हाथ CCTV फुटेज भी लगी है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
पुलिस की अपील: रहें सतर्क
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि रास्ते में अजनबियों की बातों में न आएं, खासकर तंत्र-मंत्र या चमत्कार का दावा करने वालों से दूरी बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

