‘हमें मजबूर नहीं किया जा सकता…’ भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर बांग्लादेश का सख्त रुख
भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश ने अपना रुख साफ कर दिया है। बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नज्रुल ने मंगलवार को कहा कि उनकी टीम भारत जाकर टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने के खिलाफ है और इस फैसले पर वह कायम हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बांग्लादेश पर किसी भी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में आसिफ नज्रुल ने कहा,
“अगर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भारतीय क्रिकेट बोर्ड के दबाव में आकर हम पर कोई भी अतार्किक या अनुचित शर्त थोपने की कोशिश करती है, तो बांग्लादेश उसे स्वीकार नहीं करेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले भी ऐसे उदाहरण रहे हैं जब टीमों ने सुरक्षा कारणों से किसी देश में खेलने से इनकार किया और आईसीसी ने वेन्यू में बदलाव किया।
“पाकिस्तान ने भी पहले भारत में खेलने से इनकार किया था और तब आईसीसी ने वेन्यू बदला था। हमने भी तार्किक आधार पर वेन्यू बदलने की मांग की है। हमें भारत में खेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता,” नज्रुल ने कहा।
गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को 21 जनवरी तक अंतिम फैसला लेने को कहा है। साथ ही यह भी संकेत दिया गया है कि यदि बांग्लादेश भारत में अपने मैच खेलने से इनकार करता है, तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम को शामिल किया जा सकता है। रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को संभावित विकल्प माना जा रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बने गतिरोध को खत्म करने के लिए आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। आईसीसी का कहना है कि फाइनल शेड्यूल जारी होने के बाद टीमों को एक देश से दूसरे देश में शिफ्ट करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
वहीं बांग्लादेश अपनी सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप मैच न खेलने के फैसले पर अड़ा हुआ है। इस बीच बांग्लादेश ने आईसीसी को यह सुझाव भी दिया था कि उसे ग्रुप बी में आयरलैंड से बदल दिया जाए, ताकि वह अपने सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेल सके। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार आईसीसी ने इस प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है।
अब देखना होगा कि आईसीसी और बांग्लादेश के बीच यह विवाद किस मोड़ पर पहुंचता है और टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल पर इसका क्या असर पड़ता है।

