पिथौरागढ़ में गुलदार का आतंक, आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे पर हमला, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान
उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में गुलदार की सक्रियता से लोगों में दहशत का माहौल है। मंगलवार शाम जाजरदेवल क्षेत्र के जीबी गांव में गुलदार ने आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय बालक प्रकाश बिष्ट पर हमला कर उसे घायल कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जीबी गांव निवासी और मूल रूप से नेपाल के रहने वाले मान सिंह का बेटा प्रकाश बिष्ट घर के आंगन में खेल रहा था, तभी अचानक गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया और उसे उठाकर ले जाने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए गुलदार का पीछा किया, जिसके बाद कुछ दूरी पर गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घायल बच्चे को आनन-फानन में जिला अस्पताल पिथौरागढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमन आलम ने बताया कि बच्चे के सिर, मुंह और हाथों में घाव हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह के निर्देशन में वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। रेंजर दिनेश जोशी ने बताया कि लोगों से अकेले आवाजाही न करने, बच्चों पर विशेष नजर रखने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।
प्रकाश के माता-पिता मजदूरी करते हैं और वह सातशिलिंग प्राथमिक विद्यालय, पिथौरागढ़ में कक्षा तीन का छात्र है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
वहीं गुलदार के हमले में घायल बच्चे का हाल जानने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी भी जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान वन विभाग की ओर से बच्चे के पिता को फौरी राहत राशि भी प्रदान की गई।

