अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका के विरान चामुदिथा ने रचा इतिहास, 8 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के युवा बल्लेबाज विरान चामुदिथा ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। शनिवार, 17 जनवरी 2026 को जापान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में चामुदिथा ने 192 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप का 8 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।
17 वर्षीय ओपनर विरान चामुदिथा का यह स्कोर अब टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के ही हसिथा बोयागोडा के नाम था, जिन्होंने 2018 में केन्या के खिलाफ 191 रन बनाए थे।
पहली सेंचुरी में ही रचा इतिहास
खास बात यह रही कि विरान चामुदिथा के यूथ वनडे करियर का यह पहला शतक था। अब तक 17 यूथ वनडे मुकाबले खेल चुके चामुदिथा के नाम इससे पहले केवल तीन अर्धशतक दर्ज थे। जापान के खिलाफ उन्होंने अपनी इस यादगार पारी में 26 चौके और 1 छक्का जड़ा।
श्रीलंका ने बनाया विशाल स्कोर
चामुदिथा की इस विस्फोटक पारी की बदौलत श्रीलंका ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जापान की टीम पूरे 50 ओवर खेलने के बावजूद केवल 184 रन ही बना सकी। नतीजतन श्रीलंका ने यह मुकाबला 203 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर
- 192 रन – विरान चामुदिथा (श्रीलंका) बनाम जापान, 17 जनवरी 2026
- 191 रन – हसिथा बोयागोडा (श्रीलंका) बनाम केन्या, 23 जनवरी 2018
- 180 रन – जैकब भुला (न्यूजीलैंड) बनाम केन्या, 17 जनवरी 2018
- 176 रन – डोनोवन पैगन (वेस्टइंडीज) बनाम स्कॉटलैंड, 21 जनवरी 2002
- 174 रन – डैन लॉरेंस (इंग्लैंड) बनाम फिजी, 27 जनवरी 2016
रिकॉर्डतोड़ साझेदारी भी बनी
विरान चामुदिथा ने दिमांथा महाविथाना के साथ मिलकर 328 रनों की ओपनिंग साझेदारी की, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के डैन लॉरेंस और जैक बर्नहैम के नाम था, जिन्होंने 2016 में 303 रन जोड़े थे।
अंडर-19 वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी साझेदारियां
- 328 रन – दिमांथा महाविथाना व विरान चामुदिथा, श्रीलंका बनाम जापान (2026)
- 303 रन – डैन लॉरेंस व जैक बर्नहैम, इंग्लैंड बनाम फिजी (2016)
- 273 रन – ब्रैड विल्सन व बीजे वॉटलिंग, न्यूजीलैंड बनाम स्कॉटलैंड (2004)

