हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा, कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर, 3 की मौत
हरिद्वार–लक्सर मार्ग पर कटारपुर गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर कटारपुर गांव से आगे एक कार तेज रफ्तार में आ रही थी, तभी सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ई-रिक्शा चालक और उसमें सवार एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विकास कुमार (निवासी फेरूपुर, कार चालक), चरण सिंह (निवासी कलियर, रुड़की) और आस मुहम्मद (निवासी नसीरपुर खुर्द, लक्सर – ई-रिक्शा चालक) के रूप में हुई है।
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

