पीएम मोदी ने दो अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की रखी आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम को बड़ी सौगात देते हुए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें गुवाहाटी (कामाख्या)–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़–लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने असम के नागांव जिले के कालियाबोर में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखी।
करीब 6,950 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट नेशनल हाईवे-715 के कालियाबोर–नुमालीगढ़ सेक्शन को चार लेन में विकसित करेगा। कुल 86 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट को पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
पर्यावरण और कनेक्टिविटी दोनों को मिलेगा लाभ
काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर में
- 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर,
- 21 किलोमीटर का बाईपास सेक्शन,
- और मौजूदा हाईवे के 30 किलोमीटर हिस्से को दो से चार लेन में अपग्रेड किया जाएगा।
यह कॉरिडोर काजीरंगा नेशनल पार्क से होकर गुजरेगा, जिससे वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी और मानव–वन्यजीव संघर्ष में कमी आएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, यात्रा का समय घटेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
अपर असम की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
यह परियोजना नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगी, जिससे डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। जाखलाबंधा और बोकाखाट में बनने वाले बाईपास से स्थानीय कस्बों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों की जीवन गुणवत्ता में सुधार आएगा।
पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि असम आज अपनी पहचान, संस्कृति और विरासत को बचाने की बड़ी चुनौती से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार न सिर्फ घुसपैठ के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है, बल्कि जंगलों, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को भी अतिक्रमण से मुक्त करा रही है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता और वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस ने असम की जमीन घुसपैठियों को सौंप दी, जो राज्य और देश दोनों के लिए खतरा हैं।
इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता के उत्साह को दर्शाती है।

