अल्मोड़ा में बड़ा हादसा टला, जागेश्वर धाम मार्ग पर खड़ी स्कूटी में अचानक लगी आग
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जागेश्वर धाम मार्ग पर विनायक पुल के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सड़क किनारे खड़ी थी और अचानक उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्कूटी में आग भड़क उठी और लपटें तेज हो गईं। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, यह स्कूटी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारी सुनीता नेगी की थी। वह अपनी स्कूटी को सड़क किनारे खड़ा कर करीब 200 मीटर दूर स्थित एएनएम केंद्र गई हुई थीं। इसी दौरान स्कूटी में आग लग गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टियों और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात रोकना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर जागेश्वर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चौकी इंचार्ज कमित जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
गनीमत यह रही कि आग लगने के समय आसपास कोई व्यक्ति या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग की लपटें यदि सड़क की ओर बढ़तीं, तो अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंच सकता था। इस घटना में स्कूटी पूरी तरह जलने से वाहन स्वामी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
बाद में जली हुई स्कूटी को मौके से हटाकर सड़क को साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया।

