जेल में बंद यूट्यूबर ज्योति अधिकारी की बढ़ीं मुश्किलें, तीन और मुकदमे दर्ज
महिलाओं, धार्मिक भावनाओं और संस्कृति पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप
देहरादून/उधम सिंह नगर। उत्तराखंड की संस्कृति, देवी-देवताओं और कुमाऊं क्षेत्र की महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में जेल में बंद यूट्यूबर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रदेश में उनके खिलाफ आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ज्योति अधिकारी के खिलाफ उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर और खटीमा कोतवाली में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित मुखानी थाने में वादनी को धमकाने के मामले में भी एक और मुकदमा दर्ज हुआ है।
रुद्रपुर में महिलाओं और संस्कृति के अपमान का आरोप
रुद्रपुर कोतवाली में दी गई तहरीर में ममता त्रिपाठी, निवासी बिगबाड़ा किच्छा रोड, रुद्रपुर ने आरोप लगाया है कि ज्योति अधिकारी ने सार्वजनिक स्थान पर दराती लहराते हुए उत्तराखंड की महिलाओं, देवी-देवताओं और स्थानीय संस्कृति के खिलाफ अभद्र, अपमानजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया।
शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में ज्योति अधिकारी ने कुमाऊं क्षेत्र की महिलाओं और धार्मिक आस्थाओं को ‘फर्जी’ बताकर उनका घोर अपमान किया, जिससे महिलाओं सहित आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।
खटीमा में भी दर्ज हुआ मुकदमा
वहीं खटीमा कोतवाली में सावित्री चंद्र, निवासी कंजाबाग खटीमा ने भी ज्योति अधिकारी के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो में ज्योति अधिकारी ने कुमाऊं मंडल की महिलाओं का सामूहिक रूप से अपमान किया, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई और समाज को विभाजित करने वाले बयान दिए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह के बयानों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई है। दोनों मामलों में पुलिस से नफरत फैलाने, महिलाओं का अपमान करने, धार्मिक भावनाएं आहत करने और सार्वजनिक शांति भंग करने से जुड़ी धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
मुखानी थाने में वादनी को धमकाने का नया केस
गौरतलब है कि इससे पहले हल्द्वानी के मुखानी थाने में इसी प्रकरण को लेकर ज्योति अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गुरुवार को ज्योति मुखानी थाने पहुंची थी, जहां पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में कोर्ट में पेशी के दौरान उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
अब मुखानी थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि मुखानी थाने में दर्ज मामले में नोटिस मिलने के बाद ज्योति अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो अपलोड किया, जिसमें वह उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला को कथित तौर पर धमकाती नजर आईं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में एक और शिकायत दर्ज कराई।
बढ़ सकती हैं कानूनी परेशानियां
लगातार दर्ज हो रहे नए मुकदमों के बाद माना जा रहा है कि यूट्यूबर ज्योति अधिकारी की कानूनी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी।

