अंकिता भंडारी हत्याकांड: हरिद्वार में उर्मिला सनावर से एसआईटी ने की 6 घंटे पूछताछ, कल कोर्ट में जमा करेंगी मोबाइल
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीआईपी कंट्रोवर्सी मामले में गुरुवार, 8 जनवरी को उर्मिला सनावर हरिद्वार पहुंचीं। यहां एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) ने एसओजी कार्यालय में उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की। उर्मिला दोपहर करीब 1:30 बजे एसओजी कार्यालय पहुंचीं और शाम लगभग 6:30 बजे बाहर निकलीं।
हालांकि पूछताछ को लेकर हरिद्वार पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन उर्मिला सनावर और उनके वकील ने मीडिया से बातचीत की। उर्मिला ने बताया कि वह शुक्रवार को कोर्ट में अपना मोबाइल फोन भी जमा करेंगी।
एसआईटी प्रमुख समेत कई अधिकारियों ने की पूछताछ
उर्मिला सनावर से एसआईटी प्रमुख और एसपी सिटी हरिद्वार अभय सिंह ने पूछताछ की। इसके अलावा सीओ लक्सर नताशा सिंह, एसपी देहात शेखर चंद सुयाल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूछताछ में शामिल रहे। हालांकि अधिकारियों ने पूछताछ के सवालों और निष्कर्षों को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
उर्मिला पर लगे अधिकतर आरोप जमानती
उर्मिला के वकील अंकुज कुमार ने बताया कि उनसे पूछताछ ‘पार्ट ऑफ इन्वेस्टिगेशन’ के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि उर्मिला पर लगाए गए अधिकतर आरोप जमानती प्रकृति के हैं, जिनमें गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है। कानून सभी के लिए समान है और पूरी प्रक्रिया कानून के दायरे में ही चलेगी।
जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं उर्मिला
रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में उर्मिला के खिलाफ जारी एमबीडब्ल्यू (जमानती वारंट) को लेकर भी वकील ने कहा कि उसका निपटारा कानून के अनुसार किया जाएगा। उर्मिला की ओर से जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है और उनके पास मौजूद सभी सबूत एसआईटी को सौंप दिए गए हैं।
“अंकिता पूरे देश की बेटी है” – उर्मिला सनावर
पुलिस पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में उर्मिला सनावर ने कहा कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और जो भी एविडेंस उनके पास थे, वह एसआईटी को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि उनके तेवर बदल गए हैं।
उर्मिला ने कहा,
“अंकिता भंडारी पूरे देश की बेटी है और हम उसे न्याय दिलाकर रहेंगे। जिन सबूतों की बात हो रही है, उन्हें सुरक्षित रखना जरूरी था। एसआईटी के सभी सवालों के जवाब मैंने दिए हैं।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले लाइव आने के बाद उनके खिलाफ साजिशें रची गईं और उन्हें जान का खतरा महसूस हुआ। इसी कारण वह कुछ समय के लिए सामने नहीं आईं।
मोबाइल कोर्ट में करेंगी जमा
उर्मिला सनावर ने स्पष्ट किया कि जिन सबूतों के पास होने की बात कही जा रही थी, उन्हें सुरक्षित रखना जरूरी था। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वह अपना मोबाइल फोन कोर्ट में जमा करेंगी।
क्या है पूरा मामला
दिसंबर 2025 के अंत में उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ हुई फोन बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा की थी। इस बातचीत में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कई गंभीर दावे किए गए थे, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी।
इसके बाद उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए। पुलिस ने दोनों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए थे, लेकिन दोनों उस दौरान सामने नहीं आए थे।
सुरेश राठौर को हाईकोर्ट से राहत
बुधवार, 7 जनवरी को सुरेश राठौर को उत्तराखंड हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली थी। हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज मामलों में गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। इसके बाद गुरुवार को सुरेश राठौर भी हरिद्वार स्थित अपने घर पहुंचे और मीडिया से बातचीत में जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही।
गौरतलब है कि उर्मिला सनावर खुद को सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं, जबकि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।

