उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, कार-पिकअप की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत
हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत खेड़ा के पास एनएच-109 पर उस समय हुआ, जब नैनीताल घूमकर लौट रहे युवकों की कार सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, रामपुर जनपद के रिछा क्षेत्र के रहने वाले पांच युवक नए साल के अवसर पर नैनीताल घूमने आए थे। देर रात जब वे कार से वापस लौट रहे थे, तभी खेड़ा के पास उनकी कार की आमने-सामने से एक पिकअप वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही गौलापार पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को तत्काल हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रिजवान, निवासी रिछा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं चार अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हल्द्वानी अमित कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

