कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति के बयान पर सियासी बवाल, महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्यकर्ता हिरासत में
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के एक विवादित बयान ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। बिहार की युवतियों को लेकर दिए गए इस बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और मंत्री रेखा आर्या पर हमला बोला है। इसी क्रम में शुक्रवार, 2 जनवरी को महिला कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड महिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सरकारी आवास का घेराव करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने यमुना कॉलोनी के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गईं और मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
महिला कांग्रेस ने बयान को बताया महिलाओं का अपमान
उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा की महिला विधायक और मंत्री लगातार चुप्पी साधे हुए हैं। इसी के विरोध में महिला कांग्रेस प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है। इस बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति द्वारा महिलाओं को लेकर दिया गया बयान बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि गिरधारी लाल साहू का यह कहना कि बिहार से 20 से 25 हजार रुपये में शादी के लिए लड़कियां मिल जाती हैं, न सिर्फ बिहार की महिलाओं बल्कि पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस बयान के विरोध में कांग्रेस पूरे प्रदेश में पुतला दहन कर रही है।
पुलिस ने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में
महिला कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस मामले में वे जल्द ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी। यमुना कॉलोनी गेट पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने महिला कांग्रेस की कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
कांग्रेस ने मांग की है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या इस पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें और महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

