थर्टी फर्स्ट और नए साल पर पुलिस अलर्ट, सीएम धामी ने की समीक्षा बैठक, सख्त निर्देश जारी
देहरादून: नए साल के जश्न को लेकर उत्तराखंड में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसे लेकर सरकार, शासन-प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में रविवार, 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक प्रदेशभर में यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यटकों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और प्रदेश में कानून-व्यवस्था हर हाल में बेहतर बनी रहे।
सीएम धामी ने पुलिस अधिकारियों को लगातार रात्रिकालीन गश्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर स्वयं फील्ड में जाकर कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की निगरानी करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और देवभूमि उत्तराखंड में किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों, अधिक भीड़-भाड़ वाले इलाकों और बाजार क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नए साल के अवसर पर सभी जिलों में यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त निगरानी और शराब के ठेकों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम धामी ने अधिकारियों से कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और आतिथ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चेकिंग के नाम पर आम जनता और पर्यटकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
देहरादून में सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या पर सख्ती दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन विभाग और एमडीडीए की संयुक्त टास्क फोर्स बनाकर लगातार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अन्य जिलों में भी जहां सड़कों पर अतिक्रमण है, वहां नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित होटल और रिसॉर्ट्स में फायर सेफ्टी सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शीतकालीन यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और पर्यटकों के लिए सूचना केंद्रों की समुचित व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा सीएम धामी ने प्रदेश में स्वच्छता अभियान और प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के साथ-साथ आम जनता की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
चंपावत में भी प्रशासन अलर्ट
उधर, थर्टी फर्स्ट और नए साल पर चंपावत जिले में संभावित पर्यटक और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस, जिला प्रशासन और परिवहन विभाग भी अलर्ट मोड में है। नए साल पर मां पूर्णागिरी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज बगोरिया ने टैक्सी चालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि मेले और नए साल की अवधि के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टैक्सी चालकों को श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार, निर्धारित किराया सूची का पालन करने और अतिरिक्त शुल्क न वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।
एआरटीओ ने रात्रिकालीन यात्रा और कोहरे की आशंका को देखते हुए सभी वाहनों में रिफ्लेक्टर और सुरक्षा संकेतक दुरुस्त रखने पर जोर दिया और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी।

