नैनीताल में पर्यटन ने पकड़ी रफ्तार, दुल्हन की तरह सजी सरोवर नगरी, नए साल पर होटल हाउसफुल
नए साल के जश्न और पर्यटकों के स्वागत के लिए सरोवर नगरी नैनीताल एक बार फिर गुलजार हो उठी है। विंटर कार्निवल के समापन के बाद शहर में सैलानियों की आमद में जबरदस्त इजाफा देखने को मिल रहा है। नए साल के उत्सव को लेकर नैनीताल को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मॉल रोड पर आकर्षक लाइटिंग पर्यटकों को खूब लुभा रही है, वहीं होटल एसोसिएशन की ओर से मनोरंजन के लिए डीजे और विशेष कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है।
साल के आखिरी वीकेंड पर उमड़ी भारी भीड़ से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के अनुसार, शहर के अधिकांश होटल 70 से 80 प्रतिशत तक पैक हो चुके हैं, जबकि कई होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे पूरी तरह हाउसफुल हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक पहले से एडवांस बुकिंग कर नैनीताल पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों की चहल-पहल से नैनी झील में नौकायन, मॉल रोड, स्नो व्यू, हाई एल्टीट्यूड चिड़ियाघर समेत सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी हुई है। पर्यटन से जुड़े लोगों का कहना है कि नए साल के जश्न के साथ आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।
हालांकि, बढ़ती पर्यटक संख्या के कारण शहर में कई स्थानों पर यातायात जाम की स्थिति भी बन रही है। यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने शहर के प्रवेश द्वारों पर बाहरी वाहनों को रोककर शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को शहर में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था की है। वहीं प्रसिद्ध कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे कैंची धाम मार्ग पर भी जाम की समस्या बनी हुई है।

