देहरादून कैंट क्षेत्र में एमडीडीए ने पूर्ण किए पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य, विधायक सविता कपूर ने किया लोकार्पण
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा शहरी विकास की अवधारणा को सशक्त करते हुए देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक पार्कों के सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग के कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य शहरी हरित क्षेत्रों का विस्तार करना, नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना तथा पर्यावरण–अनुकूल विकास को बढ़ावा देना है। एमडीडीए द्वारा योजनाबद्ध रूप से कराए गए इन कार्यों से आवासीय कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर वातावरण प्राप्त हुआ है, जिससे शहर की जीवन–शैली और सौंदर्य में सकारात्मक बदलाव आएगा।
देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर कराए गए इन विकास कार्यों का लोकार्पण आज विधायक देहरादून कैंट सविता कपूर द्वारा विधिवत रूप से किया गया। यह कार्यक्रम क्षेत्र में हरित वातावरण को प्रोत्साहित करने और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लोकार्पण के अंतर्गत साईंलोक कॉलोनी (जीएमएस रोड) में पार्क सौंदर्यीकरण कार्य, जिसकी लागत लगभग 20.68 लाख रुपये रही, इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी (जीएमएस रोड) में पार्क सौंदर्यीकरण कार्य, जिसकी लागत लगभग 28.94 लाख रुपये रही, तथा माया एन्क्लेव में पार्क सौंदर्यीकरण कार्य, जिसकी लागत लगभग 20.84 लाख रुपये रही, शामिल हैं। इन परियोजनाओं के अंतर्गत हरियाली का विस्तार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, पैदल पथ, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और बच्चों के लिए सुरक्षित खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर ने कहा कि शहरी विकास का वास्तविक स्वरूप तभी साकार होता है जब नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हों। पार्क किसी भी शहर के “ग्रीन लंग्स” होते हैं, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ–साथ सामाजिक जीवन को भी समृद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून कैंट क्षेत्र में एमडीडीए द्वारा कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों से बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को टहलने, योग, खेल और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान मिला है। यह पहल स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करती है। विधायक ने एमडीडीए के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि भविष्य में भी कैंट विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण शहर विकास को समग्र दृष्टिकोण से आगे बढ़ा रहा है, जिसमें बुनियादी ढांचे के साथ–साथ सार्वजनिक स्थानों का उन्नयन भी शामिल है। पार्कों का सौंदर्यीकरण नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे किए गए हैं तथा आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हरित और सार्वजनिक सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पार्कों में विकसित की गई सुविधाएं स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई हैं। उन्होंने बताया कि एमडीडीए आगे भी शहरी सौंदर्यीकरण और जन–सुविधाओं के विस्तार के लिए चरणबद्ध योजनाओं पर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में एमडीडीए के मुख्य अभियंता हरिचन्द्र सिंह राणा सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने देहरादून कैंट क्षेत्र में किए गए इन विकास कार्यों की सराहना करते हुए एमडीडीए के प्रयासों को सराहा।

