आईएसबीटी देहरादून में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, मॉल में मल्टीप्लेक्स शुरू
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा आईएसबीटी परिसर के अधिग्रहण के बाद वहां व्यापक सुधार कार्य तेजी से किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव को ध्यान में रखते हुए आईएसबीटी बस अड्डे का सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, यात्री सुविधाओं का उन्नयन और चिल्ड्रन पार्क जैसी नई पहलें की गई हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले यात्रियों द्वारा इन सुविधाओं की सराहना की जा रही है। एमडीडीए का लक्ष्य आईएसबीटी बस अड्डे को देश के टॉप–टेन आधुनिक बस टर्मिनलों में शामिल करना है, ताकि यह केवल परिवहन केंद्र ही नहीं बल्कि शहर की पहचान का प्रमुख केंद्र भी बन सके।

आईएसबीटी मॉल में मल्टीप्लेक्स की शुरुआत
आईएसबीटी मॉल में आज से मल्टीप्लेक्स की शुरुआत हो गई है। माइक्रोमल्टीप्लेक्स कंपनी का चयन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है और अब यहां बॉलीवुड व हॉलीवुड फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को एक ही परिसर में यात्रा, खरीदारी और मनोरंजन की सुविधा मिल सकेगी। आने वाले समय में शॉपिंग मॉल, विभिन्न दुकानें और फूड कॉर्नर भी शुरू किए जाएंगे। एमडीडीए आईएसबीटी देहरादून मॉल को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और बहु–उपयोगी सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आईएसबीटी परिसर का समग्र विकास प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है। बस अड्डे और मॉल में किए जा रहे सुधारों का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मल्टीप्लेक्स के शुरू होने से न केवल मनोरंजन के विकल्प बढ़ेंगे, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। भविष्य में शॉपिंग, फूड कॉर्नर और अन्य सुविधाएं जोड़कर इस परिसर को एक आधुनिक ट्रांजिट–कमर्शियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के तहत चयनित कंपनी द्वारा मल्टीप्लेक्स का संचालन पूरी पारदर्शिता के साथ शुरू किया गया है। आईएसबीटी मॉल में चरणबद्ध तरीके से नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों दोनों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुरक्षा और संचालन मानकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहे।


