विंटर लाइन कार्निवाल 2025 की तैयारियों को लेकर मंत्री गणेश जोशी ने की समीक्षा बैठक, ब्रोशर का किया उद्घाटन
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नगर पालिका परिषद सभागार, मसूरी में आगामी 24 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विंटर लाइन कार्निवाल की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने विंटर लाइन कार्निवाल–2025 के ब्रोशर का भी औपचारिक रूप से उद्घाटन किया।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्निवाल के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से शौचालयों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने, मोबाइल टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बिजली, पानी और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मसूरी में आधुनिक शौचालयों के निर्माण की दिशा में कार्य करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने पुलिस प्रशासन को कार्निवाल के दौरान मॉल रोड पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विंटर लाइन कार्निवाल के दौरान स्थानीय उत्पादों, स्थानीय कलाकारों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही फूड फेस्टिवल में कीवी और माल्टा जैसे स्थानीय फलों के स्टॉल लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री ने कार्निवाल के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका को भी सशक्त करेगा। उन्होंने बताया कि कार्निवाल का प्रत्येक दिन महान विभूतियों के नाम समर्पित रहेगा। विंटर लाइन कार्निवाल का शुभारंभ 24 दिसंबर को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के नायक इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर किया जाएगा।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मोहन पेटवाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल कुमार, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

