गणेश गोदियाल ने संभाला उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष का पद, BJP पर तंज— “अब कपड़ों की धुलाई जरूरी”
उत्तराखंड कांग्रेस को नया मुखिया मिल गया है। रविवार शाम 5 बजे देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में गणेश गोदियाल ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। माहौल पूरी तरह चुनावी जोश और एकजुटता के संदेश से भरा रहा।
नेताओं ने दिखाई एकजुटता, 2027 के लिए संकल्प
कार्यक्रम में मंच पर मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने एक-एक कर मंच से गोदियाल को समर्थन दिया और भाजपा सरकार पर तीखे वार किए।
गोदियाल का BJP पर हमला— “साढ़े आठ साल पुराने कपड़ों में जूं पड़ गई”
नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन की शुरुआत राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।
गोदियाल ने तंज कसते हुए कहा,
“साढ़े आठ साल से सरकार ने जो कपड़े पहन रखे हैं, उनमें जूं पड़ गई है। अब इन कपड़ों की धुलाई जरूरी हो गई है.”
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, कुप्रशासन और अहंकार के कारण प्रदेश में परिवर्तन की जरूरत महसूस की जा रही है। साथ ही जनता से वादा किया कि 2027 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद जनता की उम्मीदों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
विपक्ष पर बोले— “BJP के पास सिर्फ बयानबाजी बची है”
गोदियाल ने कहा कि भाजपा अलग-अलग शब्दों में सिर्फ वही बातें दोहराती है, जबकि कांग्रेस विचार और नीति के साथ आगे बढ़ती है।
कांग्रेस के अंदर उठ रहे मतभेदों पर उन्होंने कहा कि पार्टी में “सोशल इंजीनियरिंग” की जरूरत है और सभी नेता मिलकर इस दिशा में काम करेंगे।
बिहार हार पर प्रतिक्रिया— “उत्तराखंड अलग है, यहां की जनता समझदार”
बिहार में मिली हार को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां बिल्कुल अलग हैं। यहां साक्षरता दर सबसे अधिक है और लोग समझदारी के साथ वोट देते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस राज्य में मजबूत वापसी करेगी।
कांग्रेस छोड़ने वालों पर नरम रुख
पार्टी से बाहर गए नेताओं पर गोदियाल ने कहा कि गुण-दोष के आधार पर हर बात का मूल्यांकन होता है।
“जो लोग वापस विश्वास के साथ लौटना चाहेंगे, उनके लिए दरवाजे खुले हैं।”
करन माहरा का समर्थन— “2027 में कांग्रेस को मिलेगा फायदा”
निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी गोदियाल की तारीफ की और कहा कि उन्होंने पहले भी पार्टी की कमान संभाली है। उनकी क्षमता और मेहनत से कांग्रेस को 2027 में बड़ा लाभ मिलेगा। माहरा ने भी स्पष्ट किया कि वे मिलकर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

