खटीमा बार एसोसिएशन चुनाव में सूरज राणा की हैट्रिक, तीसरी बार अध्यक्ष बने — सचिव पद पर भरत पांडे विजयी
उधम सिंह नगर के खटीमा में बार एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। शुक्रवार देर शाम घोषित परिणामों में सूरज राणा ने लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर शानदार हैट्रिक बनाई, जबकि सचिव पद पर भरत पांडे ने जीत हासिल की।
चुनाव संचालन समिति ने रात करीब साढ़े नौ बजे तक सभी पदों के परिणाम घोषित किए। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में सूरज प्रकाश राणा ने अपने प्रतिद्वंद्वी रामबचन को 39 मतों से पराजित किया। सूरज राणा को कुल 136 वोट मिले, जबकि रामबचन को 97 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर भरत पांडे ने अवधेश मौर्या को 26 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर मलकीत सिंह ने 105 मतों के अंतर से केके सिंह को पराजित कर जीत दर्ज की। सुनीता भट्ट उपसचिव चुनी गईं, जिन्होंने अनिकेत पंत को 11 मतों से मात दी। कोषाध्यक्ष पद पर विमलेश कुमार शर्मा ने मो. शाहनवाज सिद्दीकी को 64 मतों से हराकर जीत अपने नाम की।
महिला उपाध्यक्ष पद पर शहाना बेगम, लेखा परीक्षक के लिए मधु राणा और पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर सीता राणा निर्विरोध चुनी गईं। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जयपाल सिंह और नीतू सक्सेना भी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं कनिष्ठ सदस्य पद पर सूरज साफी, अमित सिंह नेगी, अदिति और सचिन सिंह ने जीत दर्ज की।
मुख्य चुनाव अधिकारी अधिवक्ता के.डी. भट्ट, सहायक चुनाव अधिकारी जरनैल सिंह, इकबाल अहमद और नैनीताल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मेहरबान कोरंगा की देखरेख में मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। कुल 239 मतदाताओं में से 237 ने मतदान किया।
परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और सभी मतदाताओं का धन्यवाद किया।