2027 में लगाएंगे जीत की हैट्रिक, कांग्रेस नेता हो रहे छिटकाव का शिकार MAHENDRA BHATT ON CONGRESS | BJP UTTARAKHAND 2027 MISSION
उत्तराखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय चुनाव प्रभारी हर्ष मल्होत्रा ने देहरादून के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में महेंद्र भट्ट को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इसी अवसर पर राष्ट्रीय परिषद के लिए भी 8 प्रमुख नामों की घोषणा की गई, जिनमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी के नाम शामिल हैं।
इसके बाद आयोजित प्रांतीय परिषद की बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, और तमाम वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने महेंद्र भट्ट को दोबारा कमान संभालने पर बधाई दी।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि वह दोबारा इस दायित्व के लिए केंद्रीय नेतृत्व के आभारी हैं और प्रदेश संगठन को नई ऊर्जा और रणनीति के साथ आगे ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में संगठन और सरकार मिलकर राज्य हित में काम करेंगे।”
2027 में विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक का दावा
महेंद्र भट्ट ने 2027 के लिए बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा एक बार फिर विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे पंचायत चुनाव 2027 के लिए सेमीफाइनल हैं, जहां भाजपा जिला पंचायत से लेकर ग्राम स्तर तक मजबूत जीत दर्ज करेगी।
कांग्रेस को बताया आधारविहीन, नेताओं के टूटने का किया जिक्र
महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह से आधार विहीन हो चुकी है और उसके नेता लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि “कांग्रेस अब मुकाबले में भी नहीं है” और भाजपा को राज्य में कोई चुनौती नहीं है।
संगठन को और मजबूत करने का संकल्प
महेंद्र भट्ट ने कहा कि वह सभी विवादों और आलोचनाओं को दरकिनार कर अपनी टीम के साथ मिलकर प्रदेश में संगठन को और मजबूत बनाएंगे। उनके अनुसार, सरकार और संगठन के समन्वय से आगामी चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई जाएगी।