उत्तराखंड में बांधों की सुरक्षा बढ़ाई गई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चारधाम यात्रा, उत्तराखंड में स्थित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, बांधों और ऊर्जा परियोजनाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने को कहा है।
बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उच्चस्तरीय बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने कैंट रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। धार्मिक स्थलों, तीर्थयात्रा मार्गों और प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए कहा कि इसमें लाखों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, इसलिए सभी धामों व मार्गों पर पुख्ता सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला और तहसील स्तर पर खाद्य सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनी रहे। अस्पतालों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अलर्ट मोड में रखा जाए और सभी आवश्यक दवाइयों का समुचित भंडारण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने नागरिक सुरक्षा दल और स्वयंसेवी संस्थाओं को राहत व बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षण दिए जाने पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश स्वीकृत न किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा की सुरक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने पर विशेष आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को भी सही और प्रमाणिक जानकारी के साथ सतर्क किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों तक केवल सटीक और विश्वसनीय सूचनाएं ही पहुंचें, ताकि वे किसी भी अफवाह से प्रभावित न हों। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सोशल मीडिया पर इस संबंध में लगातार निगरानी रखी जाए।
इस बैठक में मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डीजीपी दीपम श्रीवास्तव, सचिव शैलेश बगोली और नोदित कुमार पुरोहित भी उपस्थित थे।